





जयपुर, 22 नवंबर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को दीव में श्री सिंधी समाज (ऊना) द्वारा आयोजित वर्ल्ड सिंधी मेला-2026 के अंतर्गत आईएनएस खुकरी मेमोरियल में आयोजित पूजा बेहराणा साहिब कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान के साथ दरिया पूजन कर भगवान झूलेलाल के प्रति श्रद्धा व्यक्त की तथा सिंधी समाज की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े आयोजन में भाग लिया।
कार्यक्रम में भगवान झूलेलाल साहिब के समक्ष पारंपरिक छेज़ के साथ भक्ति संगीत एवं गीतों की प्रस्तुतियां दी गई। श्री देवनानी ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की। भारत के विभिन्न क्षेत्रों तथा विदेशों से आए सिंधी समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, संगीत और सामूहिक छेज़ ने आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया।
