श्रीडूंगरगढ़। शहर में रात्रिकालीन आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ द्वारा बीदासर रोड स्थित धूमचक्कर से बिजली विभाग एवं वन विभाग होते हुए रेलवे स्टेशन तक प्रकाश व्यवस्था शुरू की गई है। इस मार्ग पर लंबे समय से अंधेरा रहने के कारण आम नागरिकों को रात के समय रेलवे स्टेशन और धान मंडी तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही, अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
इस समस्या को देखते हुए विधायक श्री ताराचंद सारस्वत द्वारा प्राप्त पत्र तथा नगरपालिका अध्यक्ष श्री नारायण कलाणी के निर्देशानुसार नगरपालिका ने इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था करवाने की कार्रवाई की। इसके तहत सड़क के किनारे लगे विद्युत पोलों पर फेज वायर खिंचवाकर लगभग 80 लाइटें लगवाई गई हैं। इन लाइटों के शुरू होने से पूरे मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था उपलब्ध हो गई है।
