जयपुर, 24 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार किसानों के कल्याण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने 34 माह में कृषि क्षेत्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
राठौड़ के अनुसार, भाजपा सरकार के कार्यकाल में नहरी तंत्र से 1.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की गई, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में यह आंकड़ा 52,182 हेक्टेयर था। तारबंदी योजना के तहत 445 लाख मीटर तारबंदी पर 511 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। वहीं, 35,893 फार्म पॉण्ड निर्माण पर 369 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
